हरदोई बिलग्राम तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, लंबित वरासत मामलों पर डीएम अनुनय झा सख्त

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- बिलग्राम तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, जल निगम, समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद, पेंशन, आवास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
लंबित वरासत मामले पर जताई नाराजगी
सुनवाई के दौरान वरासत से जुड़ी एक शिकायत लंबे समय से लंबित पाए जाने पर डीएम अनुनय झा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों से देरी का कारण पूछा और स्पष्ट निर्देश दिए कि वरासत सहित सभी राजस्व मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भूमि विवादों में संयुक्त टीम करेगी जांच
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने बिजली, पेयजल, सड़क और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना है।
एसपी ने भी सुनीं फरियादियों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी अनुनय झा, एसपी अशोक कुमार मीणा और प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें ने तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. भावनाथ पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, उप जिलाधिकारी बिलग्राम, विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी तथा पुलिस विभाग के संबंधित थानाध्यक्ष मौजूद रहे।






