UP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशहरदोई

दो युवकों के डूबने के बाद जागा प्रशासन, कुसुमखोर गंगा घाट पर बैरिकेडिंग व लाउडस्पीकर से चेतावनी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। सावन के प्रथम सोमवार को कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान के दौरान दो युवकों के डूबने की दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को घाट पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करते हुए बांस और रस्सियों से बैरिकेडिंग कर दी गई तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं डूबे दोनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम ने सुबह से ही सर्च अभियान जारी रखा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी।

बताया गया कि सोमवार को ग्राम चौसार, थाना अरवल निवासी ऋषि और नारद गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए थे। घटना के बाद उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी ने घाट पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने, गहरे पानी में जाने से रोकने तथा लाउडस्पीकर से लगातार चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश दिए थे।

एसडीएम के निर्देश पर मंगलवार को नायब तहसीलदार राजेश पटेल एवं क्षेत्रीय लेखपाल रामलाल राना की देखरेख में घाट पर बांस और रस्सियों की बैरिकेडिंग कराई गई। पुलिसकर्मी स्नानार्थियों और अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को तेज धार की ओर जाने से रोकते हुए सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने की अपील कर रहे हैं।

उधर, कुसुमखोर गंगा घाट पर थानाध्यक्ष अरवल तथा बिलग्राम से पहुंची एसडीआरएफ टीम के उपनिरीक्षक नितेश कुमार के नेतृत्व में नाव के माध्यम से डूबे युवकों की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान के दौरान पूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button