कौशांबी में पानी की समस्या पर फूटा लोगों का गुस्सा – नगर पंचायत कार्यालय का घेराव

जन एक्सप्रेस /कौशांबी :- नगर पंचायत पूरब पश्चिमशरीरा के मां झारखंडी नगर, वार्ड नंबर-6 में लंबे समय से बने पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को वार्डवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
वार्डवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई बार नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते लोगों को रोजाना पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संकट के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड के पार्षद अजीत रैना ने किया। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बाद में प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल करने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए बार-बार प्रदर्शन करना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाएगी।






