UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य खबरेंहरदोई

विधायक ने तीन दशक से बन्द पड़ी सहकारी समिति का फीता काटकर किया पुनर्संचालन

रिपोर्ट-प्रतुल अग्निहोत्री

जन एक्सप्रेस /हरपालपुर :-  पिछले लगभग तीन दशक से ताले में बंद पड़ी साधन सहकारी समिति बेडीजोर को आखिरकार नया जीवनदान मिल गया है। क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के साथ फीता काटकर समिति के पुनर्संचालन का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने दो स्थानीय किसानों को खाद की बोरी सौंपकर वितरण व्यवस्था की शुरुआत की।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समिति के दोबारा चालू होने से क्षेत्र के किसानों को अब खाद और उन्नत बीज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सरकार अब इन साधन सहकारी समितियों का दायरा बढ़ाकर इन्हें बहुउद्देशीय बना रही है। जल्द ही बेडीजोर समिति परिसर में किसानों की सुविधा के लिए जन औषधि केंद्र और जन सेवा केंद्र भी शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बेडीजोर और सुलखामऊ के जर्जर समिति भवनों के जीर्णोद्धार हेतु धन आवंटित हो गया है और जल्द ही इनका कायाकल्प किया जाएगा। कार्यक्रम में पहुंचे जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सरकार बी पैक्स के जरिए किसानों को पारदर्शी तरीके से सुलभ खाद-बीज मुहैया करा रही है। इसके साथ ही सहकारी बैंक किसानों को बेहद कम ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि वे खेती-किसानी को आधुनिक और लाभदायक बना सकें।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश कुमार त्रिपाठी, जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष सरोज राजपूत,समिति के अध्यक्ष मुन्नूलाल अग्निहोत्री,सचिव हरिमोहन, प्रभात कटियार, विवेक प्रताप सिंह ‘मोनू’ और दीपांशु सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button