उत्तराखंडटनकपुर

उत्तराखंड में सबसे बड़ी MDMA बरामदगी, 244 ग्राम ड्रग्स के साथ तीन गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस / टनकपुर (उत्तराखंड ) : उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट और कोतवाली टनकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 244.06 ग्राम MDMA बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

एसटीएफ के मुताबिक वर्ष 2026 में उत्तराखंड में अब तक की यह सबसे बड़ी MDMA बरामदगी है। इस कार्रवाई को राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट को तकनीकी और मैनुअल इनपुट के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी जानकारी मिली थी। सूचना को विकसित करने के बाद एसटीएफ की टीम ने कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक के रूप में हुई है। तीनों आरोपी रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के निवासी बताए गए हैं।

MDMA के साथ मोटरसाइकिल भी बरामद

संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 244.06 ग्राम MDMA के अलावा एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए MDMA की सप्लाई कहां से हुई और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।

एसटीएफ का उद्देश्य इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।

‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस और एसटीएफ द्वारा राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विपिन जोशी, एसआई विनोद जोशी, एसआई जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम में निरीक्षक चेतन रावत, एसआई जितेंद्र बिष्ट और हेड कांस्टेबल कमल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button