
जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड मूनाकोट में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 30 मरीजों की जांच की गई। संभावित टीबी एवं श्वसन संबंधी समस्याओं की पहचान के लिए 6 लोगों की जांच की गई।
शिविर में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने 8 लोगों का रक्तचाप एवं ब्लड शुगर जांचा। जांच के आधार पर सभी 30 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और लोगों को उनके नजदीक ही जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। शिविर में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।






