उत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई में दरोगा अनेकपाल सिंह निलंबित,विवेचनाओं में लापरवाही और NBW वारंट में बरती ढिलाई पड़ी भारी

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई में पुलिस की कार्रवाई का सिलसिला जारी है। थाना बेहटा गोकुल में तैनात उपनिरीक्षक अनेकपाल सिंह (PNO 152431918) को कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दरोगा द्वारा कार्य सरकार में रुचि न लेने के साथ ही लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही थी। इसके अलावा गैर जमानती वारंट (NBW) के संबंध में आख्या समय से न्यायालय में प्रेषित नहीं किए जाने का मामला भी सामने आया।

पुलिस विभाग ने इन लापरवाहियों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति घोर उदासीनता माना है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने उपनिरीक्षक अनेकपाल सिंह को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच में दरोगा की कार्यप्रणाली से जुड़े तमाम बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी।

वहीं पुलिस विभाग ने जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही, विवेचनाओं के निस्तारण में ढिलाई या न्यायालय से संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई न करना भारी पड़ सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कर्तव्यों के प्रति उदासीनता या शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button