फतेहपुर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ

रिपोर्ट – वैभव श्रीवास्तव
जन एक्सप्रेस /फतेहपुर :- फतेहपुर के प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का भव्य शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया। यह योजना यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से संचालित होगी।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत लघु-सीमांत किसानों और नियमित ऋण अदायगी करने वाले सदस्यों को 6 लाख रुपये तक का ऋण मात्र 6 प्रतिशत ब्याज पर 5 साल के लिए मिलेगा। अधिकारियों ने कहा कि इतने कम ब्याज पर कोई भी बैंक लोन नहीं दे रहा है, यह मुख्यमंत्री की किसानों के हित में बड़ी पहल है।
इसी कार्यक्रम में भारत टैक्सी योजना का भी शुभारंभ हुआ। इसमें टैक्सी ड्राइवर ही मालिक होंगे और किराया सीधे उनके खाते में जाएगा। ड्राइवरों को 5 लाख तक का बीमा और सामाजिक सुरक्षा भी दी जाएगी। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, विधायक जयकुमार जैकी, राजेंद्र पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।






