नवागत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों एवं कार्यालयों का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।नवागत डीएम राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न पटलों एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने संयुक्त कार्यालय, नजारत अनुभाग, संग्रह अनुभाग, भूलेख अनुभाग, जिला निर्वाचन कार्यालय, अभिलेखागार, जनसुनवाई/आईजीआरएस कार्यालय, शस्त्र अनुभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय सहित अन्य पटलों व कार्यालयों का निरीक्षण किया।डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके पटलों पर किए जा रहे कार्यों, लंबित पत्रावलियों एवं अभिलेखों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी अभिलेखों एवं पत्रावलियों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी पटलों पर पटल सहायक के नाम एवं पदनाम की पट्टिका अवश्य प्रदर्शित की जाये।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर एवं कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले फरियादियों एवं आमजन के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने पटल से संबंधित कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें तथा शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें।
इस अवसर पर एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






