गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यालयों में गूंजे सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश

जिला संवादाता – बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती विकासखंड भरखनी के विभिन्न विद्यालयों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रमों का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। विद्यालयों में महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके जीवन और आदर्शों को याद किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं नैतिक मूल्यों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण किया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को दोनों महापुरुषों के जीवन संघर्ष, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के बारे में जानकारी दी गई।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, जबकि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, स्वच्छता, अनुशासन, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के महत्व से भी अवगत कराया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता, नैतिकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।






