गांधी जयंती पर जिलाधिकारी ने गांधी भवन पहुंचकर किया ध्वजारोहण

जिला संवादाता – बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने गांधी भवन पहुंचकर ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत डीएम ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद डीएम ने गांधी हाल में लगाई गई। गांधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महात्मा गांधी जी के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विभिन्न चित्रों के बारे में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने गांधी मैदान में लगाई गई विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली। इसके उपरांत डीएम ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं चरखा यज्ञ में प्रतिभाग किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रार्थना एवं प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही राजकीय बालिका इण्टर कालेज, न्यू सनबीम स्कूल, सेन्ट जेवियर्स स्कूल, स्प्रिंग डेल्स स्कूल आदि विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन मे डीएम ने इस भव्य आयोजन हेतु सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लेकर हम उनके विचारों को अत्मसात करे। प्रतिदिन एक ऐसा अच्छा कार्य अवश्य करे, जिससे हमे गर्व की अनुभूति हो। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलकर अपने महान लक्ष्य को प्राप्त किया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री से हमे प्रेरणा मिलती है कि किस प्रकार सादा जीवन और उच्च विचार रखते हुये हम दृढता पूर्वक निर्णय ले सकते है, तथा कठिन लक्ष्य को सतत प्रयास से प्र्राप्त कर सकते है। जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी व्यक्ति जिस भूमिका मे हो उसमे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से करे, यही महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इसके उपरान्त डीएम ने गांधी जयन्ती के उपलक्ष्य में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अन्तर्गत आमजनमानस को सड़क सुरक्षा नियमो का पालन करने हेतु ई-रिक्शा रैली को गांधी भवन परिसर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। सड़क सुरक्षा एवं स्वच्छता के सम्बन्ध में वाहन/ई-रिक्शा रैली के द्वारा आमजनमानस को जागरूक करने हेतु वाहन/ई-रिक्शा रैली निकाली गई।
इस अवसर पर सीडीओ नेहा ब्याडवाल, एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






