उत्तर प्रदेशसुल्तानपुर

शिक्षक दम्पति हत्याकांड की प्रगति पर पुलिस ने शिक्षक संगठनों से की वार्ता

प्रतिनिधिमंडल ने शीघ्र न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक से की मुलाकात

जन एक्सप्रेस/सुल्तानपुर : जिले के चर्चित शिक्षक दम्पति के दोहरे हत्याकांड की विवेचना एवं अब तक हुई कार्रवाई की प्रगति से शिक्षक संगठनों को अवगत कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने विभिन्न शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक संगठनों के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह से मुलाकात कर मामले की प्रगति की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गीय मुकेश सिंह एवं विनीता सिंह को शीघ्र न्याय दिलाने तथा हत्याकांड की जांच में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

वार्ता में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष प्रतापगढ़ी, प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, परिषदीय अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, विशिष्ट बीटीसी संघ के अध्यक्ष अरविन्द सिंह, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, राम आशीष मौर्य, अभिषेक सिंह, महेश चंद्र, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष गायत्री सिंह, मंजू मिश्रा तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जनपदीय प्रवक्ता निज़ाम खान सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षक दम्पति की हत्या से पूरे शिक्षक समाज में गहरा आक्रोश और शोक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से प्रकरण में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि शिक्षक समाज इस मामले में न्याय मिलने तक अपनी आवाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाता रहेगा।

पुलिस प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को प्रकरण में हुई कार्यवाई एवं जांच की प्रगति से अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button