उत्तर प्रदेशहरदोई

कला, क्राफ्ट व पपेट्री प्रतियोगिता में सांडी ब्लॉक का दबदबा, शिक्षकों ने हासिल किए चार स्थान

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हरदोई में आयोजित कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता में विकास खंड सांडी के शिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में चार स्थान हासिल कर ब्लॉक का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय भगहर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शुभम यादव ने गणित विषय के प्राथमिक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय सांडी देहात की शिक्षिका अनुराधा शुक्ला ने उच्च प्राथमिक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं बमटापुर खास के शिक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने हिंदी भाषा के प्राथमिक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, संविलियन विद्यालय नयागांव के शिक्षक अवधेश कुमार ने सामाजिक विषय में तृतीय स्थान हासिल कर सांडी ब्लॉक की उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ दी।

शिक्षकों की इस सफलता से विकास खंड सांडी में हर्ष का माहौल है। प्रतियोगिता में शिक्षकों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और शिक्षण कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने सभी विजेता शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की यह सफलता अन्य शिक्षकों को भी नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button