यूपी में अब विशेषज्ञ डॉक्टरों को विशेष पैकेज में किया जाएगा हायरः डिप्टी सीएम

हमीरपुर। प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बुधवार को यहां हमीरपुर में अखिलेश यादव पर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपराधियों के पीछे नही खड़ा होना चाहिए। कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि माफिया अतीक को कोर्ट से जो सजा दी उससे सूबे की जनता का भरोसा बढ़ा है।
डिप्टी सीएम यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अतीक या अन्य अपराधों से जुड़े अपराधियों को अभियोजन पक्ष से पैरवी कराकर छह माह में सजा दिलाई जा रही है। इससे अपराधियों में खौफ बढ़ा है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सीय सेवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को अब विशेष पैकेज के तहत हायर करने की तैयारी सरकार ने की है।
इससे पहले डिप्टी सीएम का श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल, डीएम डॉ चन्द्रभूषण, एसपी दीक्षा शर्मा एडीएम वित्त एवं राजस्व रमेश चन्द्र व सीएमओ डाँ.रामऔतार, विधायक डॉ मनोज प्रजापति, मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत समेत अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में सीएमओ ने डिपार्टमेंट की ओर से मौदहा की फेमस चांदी की मछली डिप्टी सीएम को भेंट की।
गोशाला का निरीक्षण कर डिप्टी सीएम ने गायों को खिलाया गुड़
डिप्टी सीएम ने मौदहा सीएचसी का निरीक्षण कर वार्ड में एक मरीज के पैर में संक्रमण बीमारी का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए। आयुष्य काउंटर में गोल्डन कार्डों की स्थिति देखने के बाद उन्होंने कार्ड बनाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुमेरपुर कस्बे में कान्हा गोशाला का जायजा लेते हुए डिप्टी सीएम ने गायों को गुड़ खिलाया। गौवंश के लिए रखे भूसा चारा को उन्होंने उठाकर इसकी गुणवत्ता देखी। मकरांव में पंचायत भवन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने खेरापति बाबा मंदिर में माथा टेका साथ ही मंदिर के पास बने तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने बालिका स्कूल में मासूम बच्चों से पढ़वाई पुस्तकें
डिप्टी सीएम ने कुछेछा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा सातवीं की छात्रा काजल व खुशबू से पुस्तकेें पढ़वाई। बिना रुके पुस्तकेें पढ़ने पर डिप्टी सीएम ने छात्राओं को शाबासी दी। छात्राओं को दिए जाने वाला दोपहर के भोजन की भी गुणवत्ता देखी। उन्होंने भाजपा कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में कलेक्ट्रेट परिसर में डेप्युटी सीएम ने पौधे रोपित किए। पुलिस, बाल विकास, पंचायतीराज, क्रीड़ा व ग्रामीण विकास. स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों में अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मासूम बच्चे को गोद में उठाकर डिप्टी सीएम ने जताया प्यार
डिप्टी सीएम के एक्शन के बाद पिछले साल 22 मई को जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। इस महिला को प्रसव पीड़ा में अस्पताल लाया गया था लेकिन डॉक्टरों ने उसका प्रसव कराने से मना कर दिया था। इस मामले की शिकायत पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सीएमओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद अस्पताल में महिला का प्रसव हो सका। परिजनों ने बच्चे का नाम बृजेश रख दिया था। जिस पर डेप्युटी सीएम ने ट्वीट कर आभार जताया था। आज डिप्टी सीएम घर पहुंचकर बच्चे को गोद में लेकर प्यार जताया।






