पार्टी प्रत्याशियों का माहौल बनाने को सीएम की होगी एक और जनसभा

गोरखपुर । नगर निगम के चुनाव में महापौर समेत भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक मतदान की अपील करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक बार फिर शहर में होंगे। शुक्रवार व शनिवार मिलाकर एक जनसभा और दो विशेष सम्मेलनों के बाद मुख्यमंत्री सोमवार को टाउनहॉल में जनसभा कर पार्टी के पक्ष में माहौल को और बुलंद करेंगे।
तीन दिन के भीतर सीएम योगी दूसरी बार गोरखपुर में होंगे। वह सोमवार को निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रचार करने गोरखपुर पहुंचेंगे। यहां टाउनहॉल पर शाम साढ़े चार बजे उनकी जनसभा प्रस्तावित है। पार्टी और महापौर समेत सभी पार्षद प्रत्याशी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दूसरी बार मिलने को लेकर खासे उत्साहित हैं। शुक्रवार को राप्तीनगर में हुई जनसभा, इसी दिन गोरखपुर क्लब परिसर में चिकित्सक सम्मेलन और शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर में व्यापारी सम्मेलन को मिले जबरदस्त रिस्पांस से भाजपाई जोश से लबरेज हैं।






