गृह मंत्री अनिल विज ने की तलवंडी राणा के ग्रामीणों से मुलाकात

हिसार । प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने तलवंडी राणा के ग्रामीणों से मुलाकात करके उन्हें हिसार से स्थाई रास्ता दिलवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी होने की बात जायज है, ऐसे में समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
अनिल विज रविवार को एक निजी कार्यक्रम में हिसार आते समय तलवंडी राणा के पास एकत्रित हुए ग्रामीणों से मिल रहे थे। मंत्री के आने की सूचना पाकर तलवंडी राणा बाइपास पर सैकड़ों ग्रामीण रोड पर एकत्रित हो गए और उनके आने का इंतजार करने लगे। जब अनिल विज वहां से गुजरे तो ग्रामीणों की भीड़ को देकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया जिस पर रोड बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ओपी कोहली ने गृह मंत्री के समक्ष हिसार तलवंडी राणा रोड को बंद होने से हो रही भारी दिक्कतों के बारे में हालात बयां किए व स्थायी रोड जल्द बनवाने की मांग रखी।
उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि उनके धरने को 96 दिन हो चुके हैं लेकिन स्थायी सडक़ का काम शुरू हो नहीं हुआ है। एयरपोर्ट की बाहरी दीवार के साथ स्थायी रोड मंजूर तो हो चुका है लेकिन वन विभाग में इसकी फाइल लंबे समय से अटकी हुई है जिसके चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने रोजाना आसपास के गांवों से हिसार पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं, कर्मचारी, दिहाड़ी, मजदूर, किसान, सब्जी, फल विक्रेताओं व अन्य लोगों को हो रही भारी परेशानियों से अवगत करवाया।
गृह मंत्री अनिल विज ने वहां पर काफी देर रुककर ग्रामीणों की मांग व समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि स्थायी रोड की ग्रामीणों की मांग जायज है वन विभाग से क्लियरेंस दिलवाकर रोड को जल्द से जल्द शुरू करवाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि हाईकमान से बात कर रोड को जल्द बनवाने की प्रक्रिया शुरू करवाएंगे। एडवोकेट ओपी कोहली ने स्थायी रोड को जल्द बनवाने की मांग को लेकर गृहमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।






