उत्तर प्रदेशबहराइच

वन ग्राम बिछिया से देहरादून के लिए परिवहन निगम ने शुरू की सीधी बस सेवा 

शनिवार से हुई शुरुआत, नेपाल के पड़ोसी जिलों को मिलेगा फायदा

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। शनिवार की सुबह वनग्राम बिछिया वासियों को एक नई सौगात मिली। बिछिया से देहरादून के लिए परिवहन निगम की सीधी बस सेवा की शुरुआत की गई है। शनिवार को बिछिया बाजार में बिछिया- देहरादून रोडवेज बस सेवा का फीता काट कर भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता जंग हिंदुस्तानी ने बताया कि बिछिया देहरादून बस सेवा के प्रारंभ हो जाने से मित्र नेपाल राष्ट्र के बांके, बर्दिया और कैलाली जिले के हजारों यात्रियों को भारत के विभिन्न शहरों में जाने के लिए जहां आसानी होगी वही बहराइच और लखीमपुर खीरी के यात्रियों को शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर के रास्ते हरिद्वार होकर देहरादून तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।

समाजसेवी सरोज गुप्ता ने बताया कि बिछिया से यह बस दोपहर 2:00 बजे प्रारंभ होगी और अगली सुबह 6:00 देहरादून के आईएसबीटी बस अड्डे पर पहुंच जाएगी। इसी तरह देहरादून से दोपहर 11:30 बस छूटेगी और हरिद्वार बरेली शाहजहांपुर के रास्ते अगली सुबह 6:00 बजे बिछिया पहुंचेगी। समाजसेवी समीउददीन खान ने बताया कि स्थानीय जनता की मांग पर गोला डिपो की ओर से एक जोड़ी नई बसें बिछिया से देहरादून के लिए संचालित कर दी गई हैं। सेवा का विस्तार देहरादून तक किया गया है। इसके लिए क्षेत्र की जनता उनकी आभारी है।

बिछिया से देहरादून तक का किराया ₹875 रखा गया है। शुभारंभ के इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सीएम योगी जिंदाबाद, परिवहन मंत्री जिंदाबाद तथा गोला डिपो जिंदाबाद के नारे लगाए और रोडवेज बस के ड्राइवर कंडक्टर को मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मोहम्मद जमील अंसारी, मोहम्मद सगीर अमिताभ गुप्ता, सोनू सलमानी, शमीम अहमद, धर्मेन्द्र गुप्ता,जय प्रकाश गुप्ता,अकील अहमद,साहिल खान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button