हथियारबंद डकैतों ने शिक्षिका के घर से की लाखों की लूट
बेटी पर बुरी नजर डाली तो माता-पिता ने डकैतों से किया मुकाबला
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला बक्शीपुरा नईबस्ती निवासी प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका के घर रविवार की देर रात हथियार बंद डकैतों ने खिड़की काटकर घर में धावा बोला। यहां डकैतों ने हथियारों के बल पर दहशत फैलाकर लाखों की लूट की। इस दौरान डकैतों ने शिक्षिका, उसके पति और बेटी को पीटा। इसके बाद शिक्षिका की बेटी पर बुरी नजर डाला। बेटी की इज्जत खतरे में देखकर शिक्षिका तथा उसके पति ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। इस पर बदमाश मौके से फरार हो गए।
कारतूस तथा राड इत्यादि छोड़कर भागे डकैत, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता के मुताबिक डकैतों ने तीन लाख से अधिक की संपत्ति लूटी। बदमाश मौके पर जिंदा कारतूस और अन्य सामान छोड़ गए हैं। दरगाह थाना क्षेत्र के बक्शीपुरा नईबस्ती आसाम रोड निवासी स्नेह लता श्रीवास्तव पत्नी अनूप कुमार प्राथमिक विद्यालय रामपुर कोडरी श्रावस्ती में शिक्षिका के पद पर तैनात हैं। रविवार रात को शिक्षिका अपने पति अनूप और बेटी मुस्कान के साथ सो रही थी।
रात डेढ़ बजे हथियार से लैस बदमाश मकान के ऊपरी हिस्से में बने खिड़की को काटकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर हथियार के बल पर लाखों की लूटपाट की और परिवार के सदस्यों की पिटाई की। शिक्षिका के मुताबिक डकैतों ने सोने के हार, झुमकी, झाला, अंगूठी, मांग टीका, करधनी, चांदी का गुच्छा तथा पांच हजार रुपए की लूट की। इसके बाद सभी ने शिक्षिका की बेटी पर बुरी नजर डाली।
इस पर शिक्षिका और उसके पति ने साहस दिखाते बदमाशों पर धावा बोल दिया। इस पर बदमाश मौके से फरार हो गए। लेकिन घर में जिंदा कारतूस, रॉड और आपत्तिजनक वस्तु छोड़ गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है शीघ्र ही उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।






