हमले के बाद गन्ने के खेत में छिप गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने दो तेंदुए के होने की जताई
तेंदुएं ने दो बच्चों पर किया हमला एक की मौत दूसरा घायल
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। जंगली जानवरों का प्रकोप केवल जंगल के आसपास ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शुरू हो गया है। शनिवार की शाम थाना खैरीघाट क्षेत्र अंतर्गत तेंदुए ने दस्तक दी और दो ग्रामीण बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों का मानना है कि जिस प्रकार दोनों बच्चे एक साथ घायल हुए उससे लगता है कि दो तेंदुए थे। जिन्होंने दोनों पर अचानक हमला बोला और एक की मौत हो गई दूसरा घायल हो गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
जनपद के थाना खैरीघाट अन्तर्गत ग्राम सभा तिगड़ा के मजरा झिंगौहा निवासी सेठ यादव का पुत्र अमरनाथ (14) व उसी गांव के निवासी मेवालाल का पुत्र रामगोपाल गांव से कुछ दूरी पर खेत में घास काटने गये थे। तभी अचानक घात लगाकर तेदुएं ने हमला कर दिया। जिसमे अमरनाथ की मौके पर ही मृत्यु हो गयी व रामगोपाल बुरी तरह घायल हो गया। जिसको उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है उनका कहना है कि जिस प्रकार तेंदुए ने ग्रामीण बच्चों पर अचानक हमला बोला है। उससे ग्रामीणों का राह चलना मुश्किल हो गया है। यदि वन विभाग की टीम ने तत्काल तेंदुओं का रेस्क्यू नहीं कराया गया तो किसानों का खेतों में जाना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि ग्रामीण समूह में शोर मचाते हुए चलें जिससे जंगली जानवर भाग जाएं।






