केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जगदलपुर एयरपोर्ट से वापस लौटी

दंतेवाड़ा । भाजपा की परिवर्तन यात्रा में मंगलवार को शामिल होने के लिए पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को खराब मौसम की वजह से जगदलपुर एयरपोर्ट से ही वापस कोलकाता के अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना होना पड़ा। उन्हें जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंंच कर दंतेवाड़ा में आयोजित आमसभा को संबोधित करने के लिए जाना था। जानकारी के अनुसार स्मृति ईरानी जगदलपुर एयरपोर्ट से कोलकाता के अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गईं।
दंतेवाड़ा में मंगलवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा को भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह रथ पर सवार हुए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करने वाले थे, लेकिन उनका छत्तीसगढ़ दौरा रद्द होने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन प्रभारी ओम माथुर सहित राज्य के भाजपा नेताओं ने आमसभा को संबोधित किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने 15 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनवाई और भूपेश बघेल सरकार पर शराब, कोयला सहित अन्य घोटाले के आरोप लगाए। रमन सिंह ने कहा कि आपके आशीर्वाद से तीन बार मुझे मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भाजपा के शासन में ही बस्तर में नमक के बदले वनोपज लेने की परंपरा बंद हुई थी। एक रुपये किलो चावल की योजना हमारी सरकार लाई थी, जिससे अब बस्तर में कोई भूखा नहीं सोता है। चरण-पादुका योजना हम लाए थे जिसे कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा विधानसभा में नहीं बोल पाने वाला मंत्री कवासी लखमा बाहर बड़ी-बड़ी बातें करता है। वहीं राज्यसभा सांसद व बीजेपी नेता सरोज पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार मदारी की तरह झूठ का खेल दिखा रही है। अब तो कांग्रेस पार्टी को भी भूपेश पर भरोसा नहीं है।






