देश

परमल धान लदे बाहरी राज्यों के वाहनों को किसानों ने पकड़ा

फतेहाबाद । जाखल में सीमावर्ता पंजाब से परमल धान बेचने के लिए हरियाणा आने पर स्थानीय किसानों में रोष है। शुक्रवार सुबह जाखल के किसानों ने हरियाणा-पंजाब की सीमा कडेल चौक पर धान से लदी सात ट्राॅलियां व चार बड़े ट्रकों को रोक लिया। किसानों ने इस पर रोष जताते हुए मार्किट कमेटी अधिकारियों को सूचना दी और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। मार्केट कमेटी सचिव ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।

शुक्रवार को स्थानीय किसानों ने कडेल चौक पर धान से भरी ट्राॅलियों व ट्रकों को रोक लिया। दूसरे राज्य के धान पकड़े जाने को लेकर राइस मिलरों में हडक़ंप मच गया।परमल धान लदे बाहरी वाहनों के पकडे जाने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए।पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के ब्लॉक जाखल के पदाधिकारी के साथ भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। धान लदे वाहन पकड़ने के बाद किसानों ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि बाहरी राज्यों से आ रहे धान को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। इन ट्राॅलियों में खुली धान आने की जांच की जाएगी और इन पर परमल धान होने के कारण विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मार्केट कमेटी प्रशासन का यह भी मानना है कि राइस मिलर बाहरी राज्यों से परमल किस्म का धान नहीं मंगवा सकते।

दरअसल, पिछले दिनों जाखल क्षेत्र में आई बाढ़ में अनेक किसानों की फसलें तबाह हो गई थीं। जैसे तैसे कर किसानों ने अपनी फसल को फिर से लगना शुरू किया तो अब राइस मिलर बाहरी राज्यों से सस्ता धान मंगवाने से किसान नाराज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button