उत्तर प्रदेशबहराइच

सवा माह बाद क़ब्र से निकाला गया महिला का शव

डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। महसी के रेहुआ मंसूर गांव में रविवार को कब्र से खोदवाकर एक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गांव के मजरा सांई टेपरा निवासी 55 वर्षीय महिला का शव 28 सितंबर को एक तालाब में मिला था। हत्या की आशंका होने पर बेटों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए शव को कब्र से खोदवाकर पोस्टमार्टम की मांग की थी। जिस पर जिलाधिकारी ने शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम करवाने का आदेश दिया था।

सांई टेपरा निवासी मोहम्मद शकील ने 11 अक्टूबर को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर कहा कि 28 सितंबर को शाम 07:30 बजे उनकी माता 55 वर्षीय जमीला पत्नी जमील अहमद शौच के लिए गई थीं वहीं पर गांव के ही कुछ लोगों ने उनकी माता जमीला को जान से मार डाला और उनकी बॉडी को ले जाकर तालाब में फेंक दिया । गांव वालों व अन्य व्यक्तियों के देखने पर जमीला की लाश को तालाब से निकालकर बाहर किया और घर ले आए।

29 सितंबर 2023 को तमाम लोग जुटे देखा कि जमीला की बॉडी पर चोट के निशान थे गले व सीने पर नीले निशान थे तथा मुंह से खून निकल रहा था और गांव वालों व अन्य लोगों ने दबाव बनवाकर बगैर कार्यवाही किए जमीला की लाश को दफन करवा दिया। उसी दिन शाम को गांव के कुछ लोगों ने ऐलानिया तौर पर कहा की चलो ठीक हुआ मिट्टी हो गई नहीं तो हम लोगों के द्वारा मारने की जानकारी हो जाती। जिस पर मुझे यकीन हो गया कि इन्हीं लोगों द्वारा मेरी मां जमील की हत्या की गई है। मृतका के बेटे शकील ने पत्र में लिखा कि थाने पर तहरीर दी थी किंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। 

शकील की ओर से माता जमीला की लाश को खुदवा कर पोस्टमार्टम करवाने की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला अधिकारी ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में मृतका के शव को कब्र से खुदवा कर पोस्टमार्टम करवाने का आदेश दिया। जिसके अनुपालन में एसओ रामगांव शशि कुमार राणा मय फोर्स मौके पर पहुंचे और नियुक्त मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार महसी सौरभ सिंह की निगरानी में कब्र खुदवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button