उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़.राज्य खबरें

डेढ़ माह पूर्व किशोरी को घर बुलाकर किया था दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के कोहड़ौर थाना इलाके के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। एक युवक पर पड़ोस की ही एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाने और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार बीते 25 फरवरी की शाम करीब 5 बजे पड़ोस में रहने वाला युवक दुर्गा प्रसाद सोनी उर्फ डब्लू सोनी किशोरी के पास आया और यह कहकर उसे अपने घर ले गया कि उसकी मां उसे बुला रही है। आरोप है कि ​जब किशोरी उसके घर पहुंची, तो वहां कोई नहीं था। युवक ने किशोरी के साथ जबरदस्ती करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद युवक ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी। उसने डराते हुए कहा कि यदि उसने किसी को बताया तो वह उसके पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने किशोरी की अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे खामोश रहने पर मजबूर किया। ​लोक-लाज और आरोपी की धमकी के डर से किशोरी ने काफी समय तक यह बात अपने माता-पिता से छिपाई रखी। लेकिन मानसिक दबाव और डर के चलते जब उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद 15 अप्रैल को पीड़िता की मां ने कोहंडौर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कोहड़ौर पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button