देश

अगले पांच दिन में चलने वाली हैं गर्म हवाएं….

Weather Report: मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते अब उत्तर भारत समेत मध्य उत्तर भारत में गर्म हवाओं के थपेड़े चलने वाले हैं। यही नहीं उत्तर भारत के ज्यादातर मैदानी राज्यों में अगले पांच दिनों के भीतर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी भारी वृद्धि होने वाली है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुमान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में औसतन दो से पांच डिग्री के तापमान की वृद्धि होगी। जबकि मध्यप्रदेश समेत राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं के थपेड़ों से पारा 40 डिग्री से ऊपर भी पहुंच सकता है। हालांकि गुरुवार की रात से लेकर सोमवार तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश, आंधी तूफान और ओले पड़ने की संभावनाएं बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बीते तीन दिनों से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। हरियाणा, दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत मध्यप्रदेश के हिस्सों में तापमान सामान्य की तुलना में डेढ़ से चार डिग्री ज्यादा बना हुआ है। दिल्ली में गुरुवार को जहां दिन में 37 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया। वहीं आसपास के राज्यों में भी तापमान 32 से 35 डिग्री के करीब दर्ज हुआ। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस तरीके की परिस्थितियां बन रही हैं, उससे अगले तीन-चार दिनों के भीतर तापमान में बढ़ोतरी का आकलन किया गया हैं। अनुमान के मुताबिक अप्रैल के शुरू होने से पहले ही मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से औसतन तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा होगा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को पश्चिम मध्यप्रदेश, विदर्भ, गुजरात और मराठवाड़ा इलाकों में तापमान बहुत ज्यादा हो चुका है। इन इलाकों में कुछ अलग-अलग हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री के करीब भी पहुंच चुका है। विभाग का अनुमान है कि जिस तरीके की मौसम की परिस्थितियों बन रही है, उसे अनुमान लगाया जा रहा है कि इलाकों में भी तापमान अप्रैल के पहले हफ्ते में और ज्यादा बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा और एनसीआर समेत उत्तराखंड के मैदानी इलाकों के अलावा गंगा के तटीय इलाकों में तापमान 32 से 35 डिग्री के करीब दर्ज किया जा चुका है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले तीन से पांच दिनों के भीतर मौसम में जबरदस्त परिवर्तन इन इलाकों में होने वाला है। इस परिवर्तन के तहत तापमान तेजी से बढ़ना शुरू होगा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक सौराष्ट्र और कच्छ के हिस्से में अगले दो से तीन दिनों में बहुत तेज गर्म हवाओं के चलने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक आलोक यादव कहते हैं चूंकि यह हवाएं पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ेंगी। इसलिए इसका असर राजस्थान, मध्यप्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा। हालांकि सौराष्ट्र और कच्छ के अलावा दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाओं के चलने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इसमें कर्नाटक के कुछ हिस्से गर्म हवाओं से प्रभावित होंगे। जबकि मराठवाड़ा और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में रातों के तापमान में सामान्य की तुलना में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान की बढ़ोत्तरी का भी अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। विभाग के मुताबिक विदर्भ के अकोला में बीते 24 घंटे में पूरे देश में सबसे ज्यादा तापमान तकरीबन 43 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button