उत्तर प्रदेश

संविधान नहीं, राहुल-अखिलेश का भविष्य खतरे में : डिप्टी सीएम केशव मौर्य

रामनगर/बाराबंकी। माफिया मुख्तार की कब्र पर फातिया पढ़ने वाले अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन करने की फुर्सत आज तक क्यों नहीं मिली राहुल और मायावती भी अयोध्या दर्शन को क्यों नहीं गए। भाजपा से लोकतंत्र व संविधान को खतरा नहीं है, बल्कि राहुल व अखिलेश के भविष्य को खतरा है। यह बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महादेवा स्थित ऑडिटोरियम में लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत के पक्ष में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। कह रहे हैं मोदी को हटा दो तो हम अयोध्या में बाबरी मस्जिद बना देंगे। 370 को फिर से लागू कर देंगे। सपा और कांग्रेस के लोग वोट बैंक की राजनीति करते हैं। इनको जिहाद, पाकिस्तान और जिन्ना के नाम पर वोट चाहिए, लेकिन यह जनता राम के नाम पर, राष्ट्र के नाम पर और विकसित भारत के नाम पर वोट देने का काम कर रही। सपा सरकार में थाना, तहसील व ब्लॉक अपराधी चलाते थे। सपा ने राजनीति का अपराधीकरण करने का काम किया है।

उन्होंने उपस्थित जन समूह से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या माफिया अतीक और मुख्तार सांसद, विधायक बनने के लायक थे। अगर मोदी न आते तो चार करोड़ लोगों को आवास मिल पाता क्या, अयोध्या में राम लला का भव्य मंदिर बन पाता क्या। देश के माथे पर कलंक वाली धारा 370 हट पाती क्या।

जनसभा में उमड़ी भीड़ को देख गदगद उपमुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को आड़े हाथे लेते हुए कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं। लेकिन अगर किसी ने हमें छेड़ा तो उसे छोड़ने भी नहीं है। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पाकिस्तान ने उरी व पुलवामा में हमला करके दो गलतियां की। इसके बदले में एयर स्ट्राइक व सर्जिकल स्ट्राइक करके करारा जवाब दिया गया। कैप्टन अभिनंदन पाकिस्तान पहुंच गया था।

देश के प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अगर 48 घंटे में अभिनंदन वापस नहीं आया तो दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नामोनिशान मिटा देंगे। उन्होंने आगे कहा कि आप लोगों ने साइकिल पंचर कर दिया है। कांग्रेस मुक्त भारत की शुरुआत कर दी है। हाथी का कद छोटा कर दिया है। आप लोग गरीबों के मसीहा मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का काम करें, क्योंकि लोकसभा का यह चुनाव 5 साल के लिए नहीं बल्कि 100 साल के भविष्य का चुनाव है। भारत को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहां कि कन्नौज में कमल खिल गया है। 20 मई को रायबरेली में खिलने जा रहा है। यह दोनों जोड़ीदार 4 तारीख के बाद भागने जा रहे हैं। लोकसभा प्रत्याशी राजारानी रावत को रिकॉर्ड मतों से जीता दिलाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आप लोग हर बूथ से 370 वोट बढ़ा दीजिएगा। मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से कोई ताकत रोक नहीं सकती।

भाजपा सरकार के द्वारा चलाई गई जन कल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस कहती थी देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। मोदी ने कहा पहला हक गरीबों का है। विपक्षी मोदी को गाली बहुत देते हैं। सैफई खानदान वाले हमको भी गाली बहुत देते हैं, लेकिन आप लोगों को विपक्षियों को गाली का जवाब कमल का बटन दबाकर देना है। क्योंकि लक्ष्मी कमल पर ही बैठकर आती है।

उपस्थित भीड़ से रूबरू होते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी ने आप लोगों के नाम संदेश भेजा है। राम राम भेजा है। 4 जून के बाद किसान सम्मान निधि व गरीब कल्याण अन्न योजना 5 साल के लिए दोबारा पक्की है। निर्धारित समय से करीब 55 मिनट विलंब से पहुंचे डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता के जयकारा और वंदे मातरम के साथ की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button