देश

हिमाचल में लू का ऑरेंज अलर्ट, 19 से मिलेगी राहत

शिमला । हिमाचल प्रदेश में प्रचंड गर्मी का सितम जारी है। मैदानों से लेकर हिल्स स्टेशन तक खूब तप रहे हैं। मैदानी हिस्सों में अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अगले 24 घण्टों में मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के साथ-साथ लू के थपेड़े भी झेलने होंगे। 18 जून को बादलों के बरसने का अनुमान है, लेकिन कुछ स्थानों पर लू चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 19 व 20 जून को गरज-चमक के साथ वर्षा व तूफान चलने की चेतावनी दी गई है। इससे तापमान में गिरावट आने से भीषण गर्मी का असर कम होगा।

राज्य भर में रविवार को तेज धूप से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सुबह से ही भीषण गर्मी रही। दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। दिन में धूप से झुलसने के बाद रात में भी तपिश बेहाल कर रही है।रविवार को आठ शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकार्ड किया गया। सिरमौर का धौलाकुंआ सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, हमीरपुर में 42, कांगड़ा में 41.4, बरठीं में 41.3, सुंदरनगर में 41.6 डिग्री, मंडी में 41.1, चम्बा में 41, और बिलासपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

शिमला सहित अन्य हिल्स स्टेशनों में भी गर्मी का प्रकोप

हैरानी की बात यह है कि राज्य के मशहूर हिल्स स्टेशन शिमला, मनाली और डल्हौजी में भी चटख धूप से लोग।परेशान हैं। मैदानी इलाकों से इन हिल्स स्टेशनों का रुख करने वाले सैलानियों को गर्मी से खास निजात नहीं मिल रही है। शिमला में गर्मी से बचने के लिए लोग पंखों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां सैलानियों से खचाखच भरा रहने वाला ऐतिहासिक माल रोड और रिज मैदान दोपहर के वक्त वीरान नजर आता है। शाम को ही यहाँ सैलानी चहल-कदमी करना पसंद कर रहे हैं। शिमला में दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। रविवार को शिमला में अधिकतम तापमान 30.7, कुफ़री में 25.9, नारकंडा में 26.8, डल्हौजी में 29.1 औऱ केलांग में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button