देश

हरियाणा पुलिस काे मिले 988 जवान, डीजीपी ने ली दीक्षांत परेड की सलामी

चंडीगढ़ । हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने रविवार काे हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में रिक्रूट बैच संख्या 90 की दीक्षांत परेड की सलामी ली। इस माैके पर 988 रिक्रूटाें ने कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेकर जनसेवा को समर्पित हो गए।

समारोह में पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि पुलिस समाज में कानून और व्यवस्था का चेहरा है। ऐसे में वे नागरिकों के साथ सहानुभूति और संवेदनशीता के साथ व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में शामिल होना केवल एक पेशा मात्र नहीं है, यह ईमानदारी, साहस और करुणा के साथ सेवा करने का आह्वान है। उन्होंने जवानों से कहा कि आप जनसेवा की नेक यात्रा पर निकल रहे हैं, आप नागरिकों के विश्वास और आशाओं को अपने कंधों पर लेकर चल रहे हैं। आपको हर दिन ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा जो आपके संकल्प और चरित्र की परीक्षा लेंगी। आपके अच्छे कार्य और साहसिक निर्णयों से ही हरियाणा पुलिस में जनता का विश्वास दृढ़ होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस मुख्यालय पुलिस को अपग्रेड करने और पुलिस के कल्याण के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। पुलिस प्रशिक्षण के लिए योग्य प्रशिक्षक उपलब्ध हो इसके लिए हरियाणा पुलिस के सभी प्रशिक्षण केन्द्रों में नियुक्त प्रशिक्षक कर्मियों को मूल वेतन का 20 प्रतिशत की दर से प्रशिक्षण भत्ता सरकार द्वारा मंजूर किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने पुलिसकर्मियों के कल्याण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए वर्दी भत्ता, राशन भत्ता में वृद्धि, शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को ढाई से तीन गुणा किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के कल्याण को लेकर हम प्रयासरत हैं इसी क्रम में सेवानिवृत तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार दिलाने के लिए उनमें कौशल विकास किया जा रहा है।

उन्हाेंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के जिला मुख्यालय पर डीएवी संस्था के सहयोग से 22 पुलिस पब्लिक स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक पुलिस लाइन में ई-लाईब्ररी खोली जा रही है। पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य बेहतर रखने के लिए प्रत्येक पुलिस लाइन में जिम खोली गई हैं और 35 वर्ष से अधिक आयु के पुलिसकर्मियों के निःशुल्क स्वास्थ्य की जांच की पहल शुरू की गई है।

इससे पहले अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने मुख्य अतिथि व सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बैच को दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि आज की दीक्षांत परेड में 988 सिपाही शामिल हैं, जिनमें 896 प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन तथा 92 प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण आरटीसी, नेवल में दिया गया है। इनमें 207 स्नातकोत्तर, 32 व्यावसायिक स्नातकोत्तर, 552 स्नातक, 125 व्यावसायिक स्नातक तथा 72 बारहवीं पास हैं। उन्होंने कहा कि इस बैच को समयानुकूल आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है। डॉ राव ने मुख्य अतिथि को स्मृतिचिन्ह भेंट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button