श्रावण मास में कांवरियों की सेवा में जुटा प्रशासन, स्टेशन पर बांटे गए फल

जन एक्सप्रेस / जौनपुर : स्थानीय शाहगंज रेलवे स्टेशन पर श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर दर्शन पूजन करने के लिए जा रहें कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव व तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने फल वितरित किया। पवित्र श्रावण मास में कांवरियों का जत्था बड़ी संख्या में जल चढ़ाने बाबा धाम जा रहें हैं। रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने हेतु सरकारी अमला सोमवार दोपहर स्टेशन पर पहुंचा। इस दौरान कांवरियों को फल और पानी वितरित किया गया। जब तहसील का अमला पहुंचा उस वक्त दून एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस स्टेशन पर आ पहुंचा। इस दौरान सवार होने वाले व यात्रा कर रहे कांवरियों को तहसील प्रशासन द्वारा फल वितरित किया गया। इस दौरान एसडीएम तहसीलदार समेत स्टेशन अधीक्षक विरेन्द्र कुमार यादव, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी राजीव सिंह समेत कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।






