लखनऊ हाईकोर्ट-अधिवक्ता अर्चना गुप्ता ने वकालतनामा दाखिल करने के बाद खाया ज़हर

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित उच्च न्यायालय की लखनऊ खंड पीठ परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब एक महिला अधिवक्ता ने कोर्ट रूम के बाहर ज़हर खा लिया। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता अर्चना गुप्ता ने एक मामले में वकालतनामा दाखिल करने के तुरंत बाद यह खतरनाक कदम उठाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वकालतनामा दाखिल करने के बाद अर्चना गुप्ता कोर्ट रूम से बाहर निकलीं और कुछ ही देर में उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य वकील और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया।
घटना से मचा हड़कंप:
कोर्ट परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईकोर्ट जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर कोई वकील ज़हर खा ले, यह चौंकाने वाली बात मानी जा रही है। मौके पर मौजूद कई अधिवक्ताओं ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों से इस घटना की जाँच की मांग की है।
कारणों पर सस्पेंस:
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अर्चना गुप्ता ने ऐसा कदम क्यों उठाया। उनके कुछ करीबी वकीलों का कहना है कि वे पिछले कुछ समय से व्यक्तिगत और पेशेवर तनाव से जूझ रही थीं। पुलिस और प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जाँच में यह मामला आत्महत्या की कोशिश का प्रतीत होता है। हालाँकि, ज़हर खाने की वजह और पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई जा रही है।






