बीपैक्स महासदस्यता अभियान 12 सितंबर से शुरू
कृषक-अकृषक दोनों बन सकेंगे सदस्य, जारी होगा 10 अंकों का यूनिक कोड

जन एक्सप्रेस / महराजगंज : जनपद के सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के उद्देश्य से बीपैक्स महासदस्यता अभियान शुभारंभ 12 सितंबर से किया जाएगा। यह अभियान 12 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में किसानों के साथ-साथ अकृषक लोग भी समिति के सदस्य बन सकेंगे।
समिति की सदस्यता लेने के लिए विभाग ने आसान व्यवस्थाएँ की हैं। इच्छुक लोग ऑफलाइन फॉर्म भरकर, क्यूआर कोड स्कैन करके, वेबसाइट pacsmember.in पर जाकर या फिर टोल-फ्री नंबर 1800-21288-4444 पर कॉल करके सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। सदस्यता के लिए 100 रुपये के न्यूनतम दो शेयर, 21 रुपये सदस्यता शुल्क और 5 रुपये कृषक पंजिका शुल्क जमा करना होगा। विभाग द्वारा प्रत्येक सदस्य को ‘कृषक पंजिका’ जारी की जाएगी, जिसमें नाम, पता और कृषि रकबे का विवरण दर्ज रहेगा। पुराने सदस्यों से मात्र 5 रुपये शुल्क लेकर कृषक पंजिका उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग का कहना है कि कृषक पंजिका से किसानों को विभागीय योजनाओं जैसे उर्वरक, ऋण आदि में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक नए सदस्य को 10 अंकों का एक यूनिक कोड भी जारी किया जाएगा, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ देने में आसानी होगी। अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं उपनिबंधक गोरखपुर मंडल ने की। इस अवसर पर सभी सचिव, जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक तथा विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सहकारी विभाग का मानना है कि इस अभियान से न केवल समितियों का सशक्तिकरण होगा, बल्कि किसानों को योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा।






