उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

बस चालक की लापरवाही से टला बड़ा रेल हादसा

जौनपुर में बंद हो रही रेलवे क्रॉसिंग के बीच में फंसी रोडवेज बस, सामने से आ रही मालगाड़ी रुकी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लापरवाह बस चालक ने बंद हो रही फाटक के बीच रोडवेज बस को क्रॉसिंग में फंसा दिया। इसी दौरान सामने से आ रही मालगाड़ी के चालक ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे दर्जनों यात्रियों की जान बच सकी।

मालगाड़ी के आगे करीब 10 मिनट तक खड़ी रही बस

घटना के दौरान बस पूरी तरह रेलवे ट्रैक पर फंसी रही, जिससे लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर 10 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि ट्रेन का चालक थोड़ी देर और करता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बस में सवार थे दर्जनों यात्री

बस में सवार यात्रियों ने जैसे-तैसे बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। लोगों ने चालक की इस लापरवाही पर रोष जताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। रेलवे क्रॉसिंग को साफ कर यातायात पुनः शुरू किया गया। मामले की जांच की जा रही है।

बार-बार की जा रही हैं चेतावनियां, फिर भी लापरवाह चालक

रेलवे प्रशासन की बार-बार की चेतावनियों के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button