भाजपा में बड़ा बदलाव! UP के नए अध्यक्ष का एलान 14 दिसंबर!

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया निर्णायक दौर में पहुंच गई है। भाजपा नेता महेंद्र नाथ पांडेय ने घोषणा की कि प्रदेश अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र 13 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच पार्टी के राज्य मुख्यालय पर दाखिल किए जाएंगे। नामांकन की पूरी प्रक्रिया केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की उपस्थिति में संपन्न होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया 14 दिसंबर को चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की निगरानी में पूरी की जाएगी। उसी दिन नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। लंबे समय से संगठन में बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी अब विराम लग जाएगा।
पार्टी के भीतर प्रदेश नेतृत्व को लेकर कई दिनों से तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष का चयन भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। नए अध्यक्ष के सामने 2027 विधानसभा चुनाव समेत विभिन्न मोर्चों पर संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि नए अध्यक्ष के चयन के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों में नई ऊर्जा आएगी। अब भाजपा कार्यकर्ताओं की निगाहें 14 दिसंबर पर टिकी हैं, जब औपचारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान होगा।






