सुजानगंज का लाल बना लेफ्टिनेंट कर्नल, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर सुजानगंज क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी सुधांशु सिंह के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर चयनित होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि गांव और क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।
बताया जाता है कि सुधांशु सिंह ने वर्ष 2022 में यूपीएससी की एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वे स्वर्गीय चंद्रेश सिंह के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा इंदौर में हुई। चार भाई-बहनों में वे चौथे स्थान पर हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल बनने के बाद जब सुधांशु सिंह पहली बार अपने गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। स्वागत जुलूस के साथ उन्हें गौरी शंकर धाम, सुजानगंज ले जाया गया, जहां दर्शन-पूजन के उपरांत माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु सिंह ने कहा कि लगन, अनुशासन और एकाग्रता से कार्य करने पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने नवयुवकों से अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहकर कठिन परिश्रम करने और देशसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
स्वागत कार्यक्रम में मनोज सिंह, गायत्री सिंह, निशा सिंह, सत्येंद्र सिंह, विकास सिंह, प्रवीण, संतोष सिंह (पूर्व प्रधान), दीपक सिंह, अंकित सिंह लखनवी, कमलेश सिंह (सेवानिवृत्त जेलर), पंकज दुबे (पूर्व महामंत्री, इलाहाबाद विश्वविद्यालय) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु सिंह की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है।






