सरीला में मोरम माफिया बेलगाम: ए.एन. बिल्डर पर अवैध खनन के आरोप

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर: सरीला क्षेत्र से जुड़ी एक गंभीर खबर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इछौरा झिटकिरी गांव में दिनांक 25/9 के मोरम पट्टे पर अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि ए.एन. बिल्डर द्वारा खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर मोरम का उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन तमाम शिकायतों के बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम नजर आ रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर सरीला से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह राजपूत ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय मोरम ठेकेदारों ने प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह “मैनेज” कर रखा है। यही वजह है कि न तो पट्टाधारकों पर सख्त कार्रवाई हो रही है और न ही अवैध खनन में शामिल खंड संचालकों पर कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है।
सपा सांसद का आरोप है कि इस लापरवाही से प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं और ईमानदार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वहीं, नगर के किंग रोड क्षेत्र में भी कथित तौर पर कुछ प्रभावशाली लोगों को साधकर अवैध खनन पर चुप्पी साधी जा रही है। कभी समाजवादी पार्टी के शासन में अवैध खनन को बड़ा मुद्दा बनाने वाली भाजपा आज खुद सवालों के घेरे में खड़ी दिखाई दे रही है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन कब जागता है और इस पूरे प्रकरण पर क्या कार्रवाई होती है।






