जौनपुर में सुशासन सप्ताह की भव्य शुरुआत, जिलाधिकारी ने दी सेवाओं और शिकायत निस्तारण की सख्त हिदायत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 19 से 25 दिसंबर तक जनपद में ‘सुशासन सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें शासन की ओर से सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि सुशासन सप्ताह के दौरान जनपद, तहसील और विकासखण्ड स्तर पर आम जनता को दी जाने वाली सेवाओं तथा जनशिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर चौपालों का आयोजन कर जनता की समस्याएं सुनी जाएँ और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं जैसे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, खतौनी, भूमि विवाद निस्तारण, आयुष्मान कार्ड आदि के मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। सुशासन सप्ताह के दौरान किसी भी विभाग द्वारा किये गए नवाचार या लंबित शिकायतों के निस्तारण की सफलता की कहानी फोटो एवं वीडियो सहित उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे शासन के पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुशासन सप्ताह के उद्देश्य पूरी तरह से साकार हो सकें।






