पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो साथियों समेत तीन बदमाश गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़:जिले की लालगंज थाने की पुलिस और बाइक सवार तीन शातिर बदमाशों के बीच सोमवार रात थाना इलाके के कैथोला गांव के समीप हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी जिससे वो घायल हो गया। जबकि उसके साथ रहे दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। तीनों के खिलाफ जिले के थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।एसपी दीपक भूकर द्वारा अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार रात एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय व सीओ लालगंज आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में लालगंज पुलिस थाना इलाके के कैथौला गांव के समीप चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट की बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो वो बाइक मोड़कर भागने के प्रयास में आपाधापी में बाइक समेत गिर पड़े और पैदल ही भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर पुलिस पर फायरिंग करने लगे। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश राजकुमार के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया। उसके साथ रहे दोनों साथियों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल अभियुक्त राजकुमार वर्मा को पुलिस ईलाज हेतु सीएचसी लालगंज़ ले गई। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा व दो जिन्दा कारतूस के साथ ही बिना नम्बर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद किया। साथ ही तीन चोरियों से सम्बंधित चोरी के लगभग छः हजार रुपये भी पुलिस ने बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार वर्मा लीलापुर थाना इलाके के तिना चितरी गांव का रहने वाला है और उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। जबकि अनुज सरोज लालगंज थाना इलाके के खण्डवा गांव एवं अजय पटेल चौखड़ देवापुर गांव का रहने वाला है। इन दोनों के खिलाफ भी जिले के अलग अलग थानों में लगभग डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।एएसपी बृजनंदन राय ने बताया कि लालगंज थाने की पुलिस सोमवार देर रात चेकिंग कर रही थी, इस दौरान जब बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो तीनों बाइक मोड़कर भागने के प्रयास में गिर पड़े। जब पुलिस ने पकड़ना चाहा तो बदमाशों ने फायरिंग कर दिया पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बांये पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया जबकि उसके दोनों साथियों को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल को इलाज हेतु सीएचसी लालगंज ले जाया गया।






