मकर संक्रांति पर सपा ने मनाया सेवा दिवस, 500 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

जन एक्सप्रेस/कानपुर : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी ने सेवा और संवेदना का संदेश दिया। मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव का जन्मदिन इस वर्ष सेवा दिवस के रूप में मनाया गया, जिसके तहत 500 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम समाजवादी पार्टी कानपुर ग्रामीण के तत्वावधान में बिल्हौर नगर पालिका परिषद स्थित सपा कार्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन चौधरी निर्भय सिंह यादव ने की, जबकि जिला अध्यक्ष कानपुर ग्रामीण एवं पूर्व विधायक बिठूर मुनीन्द्र शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मकर संक्रांति की शुभकामनाओं के साथ हुई। इसके बाद सांसद डिम्पल यादव के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए केक काटा गया। वरिष्ठ समाजवादी नेता विनय कोरी और समाजसेवी अनूप यादव के संयुक्त प्रयास से लगभग 500 गरीब, असहाय महिलाओं और बुजुर्गों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी देखने को मिली।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मुनीन्द्र शुक्ला ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और वंचितों के साथ खड़ी रही है और समाज में भाईचारा व सौहार्द बनाए रखना समय की जरूरत है। अध्यक्षता कर रहे चौधरी निर्भय सिंह यादव ने कहा कि समाजवाद का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सुविधाएं पहुंचाना है।
वरिष्ठ समाजवादी नेता विनय कोरी ने कहा कि डिम्पल यादव महिलाओं की मजबूत आवाज हैं और वे संसद से सड़क तक महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रही हैं।
कार्यक्रम में साहिर हुसैन जाफरी, सर्वेश यादव, शैलेन्द्र यादव, सतेंद्र यादव, अभिषेक सिंह ‘मटरू’, अरशद सिद्दीकी, प्रदीप यादव, अतुल यादव, डॉ. उपदेश सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव आशीष सिंह ‘चटरु’ ने किया।
अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार जताते हुए आगे भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।






