उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जौनपुर में, जिलाधिकारी ने दिलाई मतदाता शपथ

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जनपद में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम टी.डी. इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अतिथियों का अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ भेंट कर, मतदाता जागरूकता स्टीकर लगाकर एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया। अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा ने कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

टी.डी. इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत और मतदाता जागरूकता गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।

वृद्ध मतदाताओं का सम्मान, युवाओं को मतदाता पहचान पत्र
कार्यक्रम के दौरान वृद्ध मतदाताओं को माल्यार्पण कर, अंगवस्त्रम एवं कैप पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए गए।

बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ व सुपरवाइजर सम्मानित
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में सदर विधानसभा से बीएलओ सुमन देवी, पुष्पा देवी, सीमा साहू, जफराबाद विधानसभा से बीएलओ मंजू विश्वकर्मा, रेनू चौबे, गायत्री देवी तथा सुपरवाइजर अमरजीत सिंह, राहुल मिश्रा, आशाराम, मानस उपाध्याय, आलोक मिश्रा एवं संजय श्रीवास्तव शामिल रहे।

मतदाता जागरूकता रैली और प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम से पूर्व नगर के विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों—शिया इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज, सरस्वती बाल मंदिर, जनक कुमारी इंटर कॉलेज, टी.डी. इंटर कॉलेज सहित अन्य संस्थानों के छात्र-छात्राएं मतदाता जागरूकता रैली निकालते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

माई इंडिया, माई वोट, मैं भारत हूं’ थीम पर रंगोली, मेहंदी, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन कर सराहना की और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अधिक मतदान की अपील
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराता है।

उन्होंने सभी मतदाताओं से विशेषकर युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को मतदाता शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैयद मोहम्मद मुस्तफा ने किया, जबकि आभार प्रधानाचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button