संस्कृति उत्सव-2026 में सजी लोकसंस्कृति की रंगीन छटा, प्रतिभाओं ने मोहा मन
संस्कृति उत्सव जनपद की प्रतिभाओं के लिए सशक्त मंच : राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर रविवार को संस्कृति उत्सव-2026 एवं उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने मड़ियाहू विधायक डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा हस्तनिर्मित उपहार भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और परिवर्तन को दर्शाती भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रदर्शनी में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
ग्रामीण-शहरी प्रतिभाओं को मंच देना उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि संस्कृति उत्सव का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि शासन द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत जनपद में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिलाधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।
गौरवशाली इतिहास को सहेजने का संकल्प
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली गाथा अत्यंत प्राचीन है, जिसे संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पारदर्शी शासन व्यवस्था के तहत युवाओं को रोजगार, आवास एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बालिकाओं की भागीदारी को नारी सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण बताया।
विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि संस्कृति हमारी पहचान है और इसे सहेजना हम सबका दायित्व है। हमें गर्व है कि हमारी युवा पीढ़ी परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।
विभागीय स्टॉल और योजनाओं का प्रचार
कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश से संबंधित मासिक पत्रिका, कैलेंडर एवं पुस्तकों का वितरण किया गया। इसके साथ ही कृषि, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सस्कृति उत्सव के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीबीएस इंटर कॉलेज, राजा कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुरैनी, टी.डी. कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों एवं युवाओं ने गायन, वादन, नृत्य, नाट्य कला एवं काव्य पाठ की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को विधायक डॉ. आर.के. पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मीडिया प्रतिनिधियों का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ट, उप जिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित जनपद के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






