हाथरस: तहसीलदार की दरियादिली, सड़क हादसे में घायल गर्भवती महिला को खुद पहुंचाया अस्पताल

जन एक्सप्रेस/हाथरस: हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में मानवता और संवेदनशील प्रशासन की एक सराहनीय तस्वीर देखने को मिली, जब तहसीलदार रजत कुमार ने सड़क हादसे में घायल एक आठ माह की गर्भवती महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
घटना अलीगढ़–आगरा हाईवे पर 14 नंबर भट्टा के पास की है। जानकारी के अनुसार, एक युवक अपनी गर्भवती पत्नी को बाइक से अलीगढ़ की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान उनके आगे चल रही दो कारों में अचानक टक्कर हो गई। कारों की भिड़ंत के कारण बाइक सवार संतुलन खो बैठा और उसकी बाइक आगे चल रही कार से टकरा गई। हादसे में गर्भवती महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इसी बीच संयोग से तहसीलदार रजत कुमार अपने सरकारी वाहन से वहां से गुजर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और बिना किसी औपचारिकता में पड़े घायल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी में लिटाकर सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उसे जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला और गर्भस्थ शिशु की जान बचने की उम्मीद जताई जा रही है।
तहसीलदार रजत कुमार के इस मानवीय और त्वरित निर्णय की स्थानीय लोगों, राहगीरों और अस्पताल स्टाफ ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब अक्सर प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल उठते हैं, ऐसे में तहसीलदार की यह पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।






