जौनपुर: हिस्ट्रीशीटर पर परिवार पर जानलेवा हमले का आरोप, महिलाओं-बच्चों से मारपीट CCTV में कैद
मीरापुर गांव में हिस्ट्रीशीटर सूबेदार सिंह पर गंभीर आरोप, तीन घायल, दो की हालत नाजुक

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद जौनपुर के मीरापुर गांव से एक सनसनीखेज और बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। आरोप है कि हमले के दौरान महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे गांव और इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, हमला अचानक और पूरी योजना के तहत किया गया। इस हिंसक घटना में अनुज सिंह उर्फ मोनू, उनके छोटे भाई संतोष सिंह (नाबालिग) और उनके बुजुर्ग पिता मान सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ितों का आरोप है कि हमले का मुख्य आरोपी सूबेदार सिंह है, जो क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। परिवार का कहना है कि सूबेदार सिंह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है। बताया गया कि उस पर ज्योतिषी हत्याकांड का आरोप था, जिसमें जिला जज जौनपुर द्वारा उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। जेल से बाहर आने के बाद से ही वह और उसके कथित साथी पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे।
पीड़ित परिवार का दावा है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से घर में घुसकर हमला किया। मारपीट के दौरान महिलाओं और बच्चों को भी बेरहमी से पीटा गया, जिसका दृश्य सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है। फुटेज में हमलावरों की पहचान भी स्पष्ट रूप से होती दिखाई दे रही है।
घटना के बाद पूरे मीरापुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर के खुलेआम घूमने और इस तरह की हिंसक वारदात से लोगों में भय व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सूबेदार सिंह के पास कई हथियार हैं, जिनमें कुछ अवैध हथियार भी शामिल हैं। इससे गांव की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित अनुज सिंह उर्फ मोनू ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य मानते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए। साथ ही आरोपित और उसके साथियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पीड़ित परिवार भय और आक्रोश के माहौल में है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान को और खतरा हो सकता है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






