हाथरस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी हत्यारोपी हेमंत गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

जन एक्सप्रेस/हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले सेजहां थाना सादाबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी हेमंत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाश के बीच हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमंत पुत्र जगवीर निवासी समदपुर, थाना सादाबाद, काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
घटना 5 फरवरी 2026 की है, जब थाना सादाबाद क्षेत्र के चन्द्रा फार्म हाउस के पास अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर अखिलेश कुमार की हत्या कर दी थी। मृतक अखिलेश कुमार भारतीय सेना में तैनात एक जवान थे, जो हाथरस न्यायालय से तारीख कर अपने मित्र के साथ कार से आगरा जा रहे थे। इसी दौरान ईको कार और मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में मृतक की बहन डौली कुमारी की तहरीर पर थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं।
पहले ही 4 आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 7 फरवरी को नामजद आरोपी बोबी उर्फ विशाल और राजा उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 9 फरवरी को हरियाणा पुलिस ने कमलकांत और विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अब तक कुल चार आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
मुठभेड़ में कैसे पकड़ा गया हेमंत?
16 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हेमंत विसावर विधिपुर बंबा की ओर मौजूद है। सूचना मिलते ही एसओजी और थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हेमंत के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
बरामदगी में क्या मिला?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।






