बरसठी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं की कमी पर सांसद सख्त

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जनपद के बरसठी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज के निर्देश पर किया गया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय और यात्री शेड जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव सामने आया।
निरीक्षण टीम ने स्टेशन परिसर में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और संबंधित रेलवे अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यात्रियों को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बरसठी रेलवे स्टेशन का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अगले 18 महीनों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि निरीक्षण के बाद स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।






