उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया स्पार्क विश्वविद्यालय का शिलान्यास

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर नगर पंचायत गड़वारा के राजापुर वार्ड में रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने स्पार्क विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होने शिलान्यास शिलापट्ट का अनावरण, दीप प्रज्जवलन एवं सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने सम्बोधन में महिला शिक्षा पर विशेष बल देते हुये बेटियों तथा बेटो की शिक्षा में फर्क न करने की अपील की। उन्होने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य संस्कारयुक्त शिक्षा होनी चाहिये जिसमें समाज सेवा की भावना निहित हो, ऐसी शिक्षा से हम अपने बच्चो को संस्कार दे सकते है जिससे वे आगे चलकर अपने जीवन में उतारें। उन्होने कहा कि हमारे प्रदेश में महिलाओं का बहुत सम्मान है, उन्हें देवी के रूप से सुशोभित किया जाता है। उन्होने कहा कि आज का युग आधुनिक टेक्नोलाजी का है हमें टेक्नोलाजी के साथ समन्वय स्थापित कर आगे बढ़ना है। हममे सुनने की क्षमता होनी चाहिये, हमे गम्भीरता पूर्वक अपना-अपना दायित्व निभाना होगा। महिला विश्वविद्यालय समाज को मजबूत दिशा देगा और हम उन ऊँचाईयों पर पहुँचेगे जहां से हमारे देश को विश्व गुरू होने का सम्मान था। उन्होने कहा कि किसी भी संस्था, समाज तथा परिवार की नींव मजबूत होगी तभी हम अपने उद्देश्यों को प्राप्त कर सकते हैं और ऊंचाइयों पर पहुंच सकते हैं। समारोह की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ‘‘मोती सिंह’’ ने की। उन्होने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यो की सराहना करते हुये कहा कि उनके द्वारा जिस प्रकार विधानसभा की कार्यवाही का संचालन किया जाता है वह अद्वितीय है। उन्होने महिला विश्वविद्यालय के आयोजक अरविन्द श्रीवास्तव तथा साकेत परिवार को इस पुनीत कार्य के लिये बधाई दी। समारोह में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य अपने सम्बोधन में कहा कि महिलाओं की शिक्षा के सम्बन्ध में शून्य से शिखर तक पहुंचने की जो कल्पना थी वह आज साकार हो रही है। समारोह में शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, नगर पालिका परिषद बेल्हा की अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, प्रभारी पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र लाल, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, पूर्व विधायक रानीगंज अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव प्रकाश मिश्र सेनानी, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सिन्धुजा मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गड़वारा के प्रतिनिधि सचिन सिंह शोलू, अपर महाअधिवक्ता कार्तिकेय शरण, एमएलसी प्रतिनिधि राय साहब सिंह, पूर्व काबीना मंत्री मोती सिंह प्रतिनिधि विनोद पाण्डेय, नगर पालिका परिषद बेल्हा अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह तथा दिनेश सिंह, हर्षित श्रीवास्तव, क्षितिज श्रीवास्तव, रूचि केसरवानी समेत काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button