उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

नशीला पदार्थ खिलाकर व्यापारी से लाखों की लूट, झाड़ियों में फेंककर फरार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर में जहरखुरानी गिरोह की एक और वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला भंडारी निवासी 60 वर्षीय दवा व्यापारी शोभा नाथ साहू को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया गया। बदमाश सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए तथा पीड़ित को झाड़ियों में फेंक दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह शोभा नाथ साहू अपने रिश्तेदारी मिर्जापुर जाने के लिए लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जेसीज चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिला और बातचीत करते हुए विश्वास जीत लिया। आरोपी ने खुद को मिर्जापुर जाने वाला बताते हुए उन्हें कार में बैठा लिया।

बताया जा रहा है कि जब कार मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के श्री गांव के पास पहुंची, तभी आरोपी ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह अचेत हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन, 3 से 4 ग्राम की तीन सोने की अंगूठियां और जेब में रखे ₹12,000 नकद लूट लिए।

लूटपाट के बाद गिरोह के सदस्य पीड़ित को ग्राम पंचायत श्री गांव के पास झाड़ियों में फेंककर कार से फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां खेल रहे बच्चों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मड़ियाहूं पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों से दवा व्यापारी को बाहर निकाला। उनकी जेब में मिली डायरी से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार लूटे गए गहनों की अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 बढ़ती वारदातों से दहशत

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहरखुरानी गिरोह का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब राहगीरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button