पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की 10 किमी क्रॉस कंट्री अनिवार्य परीक्षा संपन्न

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के पुलिस लाइन में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रिक्रूट आरक्षियों की 10 किमी. क्रॉस कंट्री अनिवार्य शारीरिक दक्षता परीक्षा का रविवार को आयोजन किया गया। जिसमें कुल 545 रिक्रूट आरक्षियों ने प्रतिभाग किया। यह अनिवार्य परीक्षा लोहंगपुर-बिहारगंज-सुखपालनगर बाईपास मार्ग पर आयोजित की गई। परीक्षा की महत्ता को देखते हुए पूरे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात के विशेष प्रबंध किए गए थे ताकि प्रशिक्षुओं को किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। बता दें कि यह दौड़ नागरिक पुलिस सीधी भर्ती प्रक्रिया के प्रशिक्षण का एक निर्धारित मानक है, जिसे पास करना अनिवार्य है। एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय, अपर पुलिस अधीक्षक कौशांबी, सीओ सिटी शिवनारायण वैस, कौशांबी से क्षेत्राधिकारी एवं प्रतिसार निरीक्षक राजीव कुमार राय की उपस्थिति में परीक्षा संपन्न हुई। वरिष्ठ अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया। परीक्षा के दौरान संपूर्ण मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए जिससे संपूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रशिक्षण अवधि में अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता बनाए रखने पर बल दिया गया।






