हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा, गन्ने से भरे ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत

जन एक्सप्रेस /हरदोई: हरदोई।जनपद के पिहानी थाना क्षेत्र में पिहानी–शाहाबाद तिराहे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ने से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पहचान करीमनगर निवासी रोहित कुशवाहा पुत्र वीरेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रोहित कुशवाहा अपने ताऊ राजेंद्र कुशवाहा की मिठाई की दुकान पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान हरियावां चीनी मिल की ओर जा रहे एक गन्ने से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पिहानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।रोहित कुशवाहा की शादी महज 25 दिन पहले ही हुई थी।परिवार होली की खुशियां मना ही रहा था कि इस हादसे के बाद सारी खुशियां गम में बदल गयी और परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने सड़कों पर गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि गन्ना सीजन में ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क हादसे बढ़ जाते हैं, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती।






