सड़क चौड़ीकरण को लेकर ठूठीबारी में सर्वे, मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/महाराजगंज: महराजगंज से ठूठीबारी इंडो नेपाल अंतराष्ट्रीय बार्डर तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासनिक टीम ने ठूठीबारी पहुंचकर सर्वे किया। महराजगंज एसडीएम विजय यादव के नेतृत्व में सड़क के दोनों किनारों का निरीक्षण किया गया और चौड़ीकरण की जद में आने वाले भू-स्वामियों व व्यापारियों से मुलाकात कर जानकारी जुटाई। अचानक सर्वे होने से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और तरह तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
महराजगंज से ठूठीबारी तक सड़क चौड़ा किए जाने की योजना के तहत प्रशासन द्वारा जमीनी स्तर पर सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में शनिवार को महराजगंज एसडीएम विजय यादव, जेई राकेश कुमार, लेखपाल देवेंद्र कुमार के साथ एनएचआई की टीम ने ठूठीबारी पहुंचे और सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों, मकानों व अन्य संपत्तियों का निरीक्षण किया। टीम ने सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली जमीन और निर्माणों को चिह्नित करते हुए संबंधित भू-स्वामियों और व्यापारियों से बातचीत की। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को बताया कि जिनकी भूमि या दुकानें सड़क चौड़ीकरण में आएंगी, उन्हें नियमानुसार सरकार की ओर से क्षतिपूर्ति (मुआवजा) दिया जाएगा। इस दौरान एसडीएम विजय यादव ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सर्वे के आधार पर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा का भरोसा दिया और उनकी समस्याओं को भी सुना जाएगा। प्रशासनिक टीम ने कस्बे के विभिन्न हिस्सों में जाकर संभावित प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया और दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की। प्रशासन की इस कार्रवाई को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भी चर्चा का माहौल बना रहा।






