उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर पुलिस अधीक्षक की बड़ी कार्रवाई:लाइनबाजार थाना प्रभारी निलंबित

होली के दिन खून लाल हुआ था मियांपुर मुहल्ला

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: नगर के मियांपुर मोहल्ले में होली के दिन बस चालक ललई यादव की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फरार चल रहे तीन आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइनबाजार थाना प्रभारी सतीश सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना लाइनबाजार क्षेत्र के मियांपुर मोहल्ले में होली के दिन हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। फरार चल रहे आरोपितों में शाश्वत सिंह पुत्र जय प्रकाश सिंह निवासी हुसैनाबाद, देवांश सिंह उर्फ छोटू पुत्र विकास सिंह निवासी तारापुर कॉलोनी तथा सतेंदु सिंह उर्फ गोलू पुत्र जय प्रकाश सिंह निवासी हुसैनाबाद शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना लाइनबाजार में मुकदमा संख्या 94/2026 के तहत धारा 103(1) व 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर हुई लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी लाइनबाजार सतीश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
होली के दिन हुई इस हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button