उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा हेतु एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिला महिला चिकित्सालय में बुधवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा ने किया। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के निचले हिस्से का कैंसर) से बचाव के लिए लगाया जा रहा है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर का दूसरा सबसे बड़ा कारण है और इसके लगभग 99.7 प्रतिशत मामलों में एचपीवी संक्रमण जिम्मेदार होता है। इस वैक्सीन के माध्यम से बालिकाओं को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2006 से एचपीवी वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है और अब तक लाखों लाभार्थियों को यह टीका लगाया जा चुका है। अब तक इसके किसी गंभीर दुष्परिणाम की सूचना नहीं मिली है, जिससे यह पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है। यह टीका 14 वर्ष की उन बालिकाओं को लगाया जाएगा जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। वैक्सीन का नाम गार्डासिल-4 है और लाभार्थियों को इसकी एक डोज दी जाएगी, जो लंबे समय तक एचपीवी संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में मदद करेगी। जिला अस्पताल में यह टीकाकरण अभियान अगले तीन माह तक सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चलाया जाएगा। जल्द ही जनपद के सभी ब्लाक स्तरीय चिकित्सालयों में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण का शुभारम्भ किया जायेगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि टीकाकरण के समय बच्चियों को खाली पेट न लाएं। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द हो सकता है, जिसके लिए पैरासीटामोल की गोली और तरल पदार्थ देने से आराम मिल जाता है। जरूरत पड़ने पर ठंडे पानी से सिकाई भी की जा सकती है। यदि बुखार या कोई अन्य समस्या बनी रहती है तो नजदीकी चिकित्सालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए. एन. प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ए.एन.राय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डॉ. आर.के. पांडे, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला पुरुष चिकित्सालय डॉ. शैलेन्द्र कुशवाहा, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी महेश कुमार सिंह, अर्बन कोऑर्डिनेटर आकाश दीप शुक्ला, वीसीसीएम देवानंद श्रीवास्तव, डीएमसी वकील अहमद सहित एएनएम, स्टाफ नर्स, आशा और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button